अच्छी महादशा में भी बुरा फल क्यों मिलता है, दशा का वाहन गधा या भैंसा ज्योतिष रहस्य

अच्छी महादशा में बुरा फल क्यों? दशा के वाहन का ज्योतिष रहस्य – Astrology Sutras

दशा-वाहन

किसी भी जातक की दशा स्पष्ट करते समय उसके वाहन का भी विचार कर लेना चाहिए। वाहन-ज्ञान दशा प्रवेश काल से किया जाता है।

दशा-वाहन ज्ञात करने की विधि

जातक की जिस समय महादशा, अन्तर्दशा अथवा प्रत्यन्तर्दशा प्रारम्भ हो, उस दिन का नक्षत्र देखना चाहिए, फिर उसके जन्म नक्षत्र से दशारम्भ दिन के नक्षत्र तक गिनकर 9 से भाग देंना चाहिए।

  • शेष 1 बचे तो उस दशा का वाहन गधा
  • 2 बचे तो घोड़ा
  • 3 बचे तो हाथी
  • 4 बचे तो भैंसा
  • 5 बचे तो सियार
  • 6 बचे तो सिंह
  • 7 बचे तो कौवा
  • 8 बचे तो हंस
  • तथा 0 शेष बचे तो उस दशा का वाहन मयूर होता है।

उदाहरण:

सम्वत् 2026 फाल्गुन शुक्ल द्वितीया को किसी व्यक्ति की बुध की महादशा प्रारम्भ हुई। उस दिन उत्तराभाद्रपद नक्षत्र है। मान लो उस व्यक्ति के जन्म का नक्षत्र अश्विनी है। अतः अश्विनी से उत्तराभाद्रपद नक्षत्र तक गणना की, तो 26 संख्या आयी। इसमें 9 का भाग दिया—2 लब्धि तथा 8 शेष रहे, तो हंस वाहन होता है।

अतः उस व्यक्ति की बुध महादशा का वाहन हंस है। इसी प्रकार अन्तर्दशा तथा प्रत्यन्तर्दशा में भी समझना चाहिए।

Join Astrology Sutras Whatsapp Channel For All Updates

दशा-वाहन फल

वाहन गधा

यदि किसी जातक की दशा का वाहन गधा हो, तो उस दशा में जातक अपने ही किये कार्यों पर पछताता है, उससे समय-समय पर कुछ ऐसे कार्य हो जाते हैं, जो भविष्य में उसके लिए ही अहितकर साबित होते हैं। विद्याध्ययन में कमी, परीक्षा में असफलता, आर्थिक दृष्टि से हानि, धन-धान्य में कमी, कृषि-कार्यों में असफलता तथा वह घोर सांसारिक व्यक्ति होता है।

वाहन घोड़ा

जिस दशा प्रवेश काल का वाहन घोड़ा हो, तो वह दशा बलशाली मानी गयी है। इस दशा में व्यक्ति स्वस्थ, हृष्ट-पुष्ट तथा निरोग रहता है। यदि जातक रोगी भी हो, तो इस दशा में वह रोगमुक्त हो जाता है। इस दशा में उसे सुस्वाद भोजन मिलता है, राज्य-कार्यों में सफलता मिलती है तथा रुके हुए कार्य सम्पन्न हो जाते हैं। इस दशा में उत्तम वाहन प्राप्ति योग भी बनता है।

वाहन हाथी

जिस दशा का वाहन हाथी हो, वह उत्तम कोटि की दशा होती है। उस दशा में जातक राज्य से सम्मान प्राप्त करता है, घर में मंगल कार्य सम्पन्न होते हैं। आकस्मिक द्रव्य प्राप्ति होती है तथा जाति कार्यों में यश एवं सम्मान मिलता है। ऐसी दशा में विशेष उन्नति के अवसर उपस्थित होते हैं तथा मन एवं जीवन में प्रसन्नता बनी रहती है।

वाहन भैंसा

भैंसा वाहन जातक के लिए अशुभ कहा गया है। जिस दशा का वाहन भैंसा हो, वह दशा जातक की शक्ति को क्षीण करती है, मुकदमे वगैरह में पराजय मिलती है, घर में अमंगल, चित्त में खिन्नता एवं विचारों में निराशा बनी रहती है। अग्निभय व चोर भय से वह पीड़ित रहता है तथा नये-नये रोग उस पर आक्रमण करते रहते हैं।

वाहन सियार

दशारम्भ वाहन सियार हो, तो जातक की दशा में घर में कलह रहती है। स्त्री के स्वभाव में भिन्नता आती है तथा पत्नी की वजह से वह दुखी रहता है। रत्री को नयी-नयी व्याधियां घेरती हैं, जिससे वह पीड़ित रहती है तथा व्यर्थ का व्यय होता रहता है। इस दशा में कृषि कार्यों में असफलता प्राप्त होती है तथा मस्तिष्क में उलजलूल विचार एवं मन में खिन्नता बनी रहती है। व्यापारिक कार्यों में हानि की अधिक सम्भावना रहती है

वाहन सिंह

दशा प्रवेश वाहन सिंह हो, तो वह दशा उत्तम कोटि की व्यतीत होती है। आकस्मिक लाभ तथा व्यापार में फायदा होता है, मुकदमे में निश्चय ही सफलता मिलती है तथा शत्रु कुचक्र रचकर भी इसका बाल-बांका नहीं कर सकता। यदि रोगी हो, तो आरोग्य लाभ करता है तथा सभी दृष्टियों से यह दशा उत्कर्षेण व्यतीत होती है।

वाहन कौआ

दशा का वाहन कौआ हो, तो जातक के मन में, चित्त में चंचलता बनी रहती है। वह जो भी योजनाएं बनाता है, वे भविष्य में जाकर पूर्णतया सफल होती हैं। शत्रुओं पर वह हावी रहता है तथा उसके रुके हुए कई कार्य स्वतः ही सम्पन्न हो जाते हैं। उसकी संगति निम्न स्तर के लोगों से रहने के कारण समाज में अपमानित होता है तथा भाग्य की दृष्टि से कई उतार-चढ़ाव देखने को मिलते हैं।

वाहन हंस

जिस दशा प्रवेश में वाहन हंस होता है, वह दशा उत्तम रूप से व्यतीत होती है। वह विद्वानों से पूज्य, गुणीजनों द्वारा सम्मानित एवं राज्य कार्य में सफलता प्राप्त करता है। समाज में उसके विचारों का आदर होता है तथा उच्च स्तरीय लोगों में उसकी जान-पहचान होती है। भाग्य की दृष्टि से भी वह दशा श्रेष्ठ रहती है।

वाहन मयूर

जिस दशारम्भ का वाहन मयूर या मोर हो, वह दशा सभी प्रकार के सुखों को देने वाली होती है। जातक जो भी कार्य प्रारम्भ करता है, वह समय पर सम्पन्न होता है, अधिकारीगण उसकी बात न्यायपूर्वक सुनते हैं तथा उसके सोचे हुए सभी कार्य पूर्ण होते हैं।

Join Astrology Sutras Whatsapp Channel For All Updates

वाहन से सम्बन्धित कुछ ज्ञातव्य बातें

ऊपर मैंने दशा-वाहन फल संक्षेप में स्पष्ट किया, लेकिन इस सम्बन्ध में निम्न तथ्य भी ध्यान में रखने चाहिएं:

महादशा का फल ¼ भाग, अन्तर्दशा वाहन का फल ½ भाग तथा प्रत्यन्तर्दशा वाहन का फल ¼ भाग समझना चाहिए। इस प्रकार से अन्तर्दशा वाहन पर विशेष विचार करना चाहिए।

तीनों दशाओं—महादशा, अन्तर्दशा, प्रत्यन्तर्दशा में से यदि दो दशाओं के वाहन श्रेष्ठ हों, तो वह समय अधिक अनुकूल तथा यदि दो दशाओं के वाहन अशुभ हों, तो वह समय प्रतिकूल समझना चाहिए।

जय श्री राम।